भिवंडी में अग्नि तांडव, खाद्यतेल और वनस्पति घी के गोदाम में भीषण आग
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 28, 2025
- 190 views
भिवंडी। भिवंडी में लगातार बढ़ते अग्निकांडों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन पहले स्वागत कॉम्प्लेक्स में लगी आग के बाद अब एक और भीषण आग की घटना सामने आई है। भिवंडी के पारसनाथ वेयरहाउस बिल्डिंग नंबर आठ स्थित गाला नंबर 6 में स्थित खाद्यतेल और वनस्पति घी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद से अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दीं। भिवंडी अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाने के लिए पूरे जोर-शोर से काम कर रही हैं। हालांकि, आग के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस आग ने आसपास के इलाके को हिलाकर रख दिया।इस घटना की सूचना मिलते ही नारपोली पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। राहत की बात यह रही कि आग को नियंत्रण में लाया जा चुका है और अब कोई भी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, गोदाम में रखा खाद्यतेल और वनस्पति घी भारी मात्रा में जलकर खाक हो गया है, जिससे व्यापारी को भारी नुकसान हुआ है।


रिपोर्टर