
भिवंडी में रामनवमी महोत्सव धूमधाम से संपन्न
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 07, 2025
- 203 views
भजन, नृत्य, संत प्रवचन और भव्य भंडारे में 1500 श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ
भिवंडी। भिवंडी के मानसरोवर क्षेत्र में रामनवमी का पर्व इस वर्ष अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। स्वामी गंभीरानंद आश्रम के मार्गदर्शन में आदर्श रामलीला मंडल द्वारा आयोजित इस विशेष आयोजन में भजन, नृत्य, संत प्रवचन और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 1500 श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। महोत्सव का आयोजन 6 अप्रैल 2025 को बिल्डिंग नंबर C-1 और C-2 के पास स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे मंगलमय भजन-कीर्तन से हुई, जिसमें भक्तगण भक्ति रस में सराबोर हो गए। इसके बाद शाम 7 से 8:30 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य व भगवान श्रीराम पर आधारित लीलाओं का मंचन किया गया।रात्रि 8:30 से 9:30 बजे तक ब्रह्मचारी प्रेमस्वरूप चैतन्यजी महाराज ने दिव्य संत प्रवचन दिए, जिसमें जीवन के वास्तविक उद्देश्य, धर्म और आत्मिक विकास पर प्रकाश डाला गया। प्रवचन के दौरान ‘गुरुकुल संदेश’ नामक पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में आरती व गुरु दर्शन के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आदर्श रामलीला मंडल के अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह और सचिव मंगलेश शर्मा ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलता है, बल्कि समाज में सांस्कृतिक चेतना, एकता और सद्भाव का संदेश भी फैलता है।
रिपोर्टर