भिवंडी में हलबा समाज ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई वसंत पंचमी नई कार्यकारिणी का गठन

भिवंडी।  भिवंडी शहर में हलबा समाज द्वारा वसंत पंचमी पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सत्यनारायण महापूजा, महिलाओं के लिए हल्दी-कुंकू समारोह और महाप्रसाद का आयोजन किया गया। साथ ही, हलबा समाज सेवा मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर समाज के विकास के लिए नई दिशा निर्धारित की गई।

समाज के वरिष्ठ नागरिकों ने कुलदेवता सद्गुरु कोलबास्वामी महाराज और श्री दंतेश्वरी माता की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात समाज के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नागरिकों को शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हलबा समाज सेवा मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित की गई, जिसमें अध्यक्ष – दिलीप पोपटराव नागपुरे,उपाध्यक्ष – महेंद्र सुखलाल कुंभारे,सचिव – दिनेश रामचंद्र नागपुरे, कोषाध्यक्ष – राजू नागपुरे सहित 21 सदस्यीय जंबो कार्यकारिणी का गठन किया गया। उपस्थित समाज बंधुओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में समाज की उन्नति की आशा जताई। नवनियुक्त अध्यक्ष दिलीप नागपुरे ने अपने उद्बोधन में समाज के विकास हेतु प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि हलबा समाज के हर व्यक्ति की शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक upliftment के लिए कार्यकारिणी पूरी निष्ठा से कार्य करेगी। उपाध्यक्ष महेंद्र कुंभारे ने भी आश्वासन दिया कि अब कोई भी समाजबंधु अकेला नहीं रहेगा और सभी को पूरा सहयोग मिलेगा।सत्यनारायण महापूजा के उपरांत महिलाओं ने पारंपरिक हल्दी-कुंकू उत्सव मनाया। समाज की बहनों ने एक-दूसरे को मंगलकामनाएं दीं और इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें समाज के सैकड़ों बंधु-भगिनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय नागपुरे ने कुशलतापूर्वक किया। समाज के वरिष्ठ नागरिकों ने नई कार्यकारिणी को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट