भलुनीधाम मंदिर चोरीकांड की जांच डॉग स्क्वायड कर रहा है


रोहतास। जिले के भलुनीधाम स्थित मां यक्षिणी भवानी मंदिर में हुई लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी का मामला अब पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है। घटना की तह तक पहुंचने और चोरों का सुराग तलाशने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में डेहरी से पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम ने एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गहन छानबीन की। वहीं, मंदिर के पुजारी के आवेदन पर दिनारा थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवेदन में करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने की बात कही गई है.जानकारी के अनुसार, डॉग स्क्वायड की टीम ने मंदिर के भीतर घटनास्थल से लेकर आसपास के संभावित रास्तों तक जांच-पड़ताल की। विशेष रूप से उस स्थान का निरीक्षण किया गया, जहां से चोरों ने मंदिर में प्रवेश किया था। टीम ने घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं को खंगालते हुए संदिग्ध गतिविधियों के संभावित रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया। हालांकि, सुबह की आरती और पूजा की तैयारी के लिए मंदिर परिसर की साफ-सफाई हो जाने के कारण डॉग स्क्वायड को जांच के दौरान कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।इधर, चोरी की घटना को लेकर मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे खारिका गांव निवासी पुजारी संजय कुमार पंडित ने रविवार को दिनारा थाने में लिखित आवेदन दिया। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही कांड का उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है।गौरतलब है कि भलुनीधाम स्थित मां यक्षिणी भवानी मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश और मायूसी है। माता का मुकुट, छतरी, चरण पादुका समेत कई बहुमूल्य आभूषण और श्रृंगार सामग्री चोरी होने से धार्मिक स्थल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। अब डॉग स्क्वायड की जांच और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरों तक पहुंचेगी और मां के चोरी गए आभूषण बरामद करेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट