छाई रोड बचाने के लिए आंदोलन करेगी अरमान डेहरी, डालमियानगर क्लब में हुई सभा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 23, 2026
- 7 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।डालमियानगर में सार्वजनिक रास्ते की बिक्री के खिलाफ स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कंपनी लिक्विडेटर के माध्यम से डालमियानगर छाई रोड की बिक्री का विज्ञापन प्रकाशित हुआ था, लेकिन खाता-खेसरा का सही विवरण नहीं होने से लोगों को स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई थी।
अंचलाधिकारी डेहरी द्वारा उक्त जमीन के दाखिल-खारिज की आम सूचना प्रकाशित होने पर पता चला कि डालमियानगर से डेहरी-पटना पथ को जाने वाली एकमात्र सड़क की ही नीलामी कर दी गई है।
सार्वजनिक रास्ते को बचाने के लिए अरमान डेहरी ने डालमियानगर क्लब में सभा का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों लोग पहुंचे।
सभा को संबोधित करते हुए अरमान डेहरी के अध्यक्ष डॉ. राम नाथ सिंह ने कहा कि करीब 80 वर्षों से यह रास्ता है। नियमतः सार्वजनिक रास्ते की न तो बिक्री हो सकती है और न ही किसी निजी व्यक्ति के नाम दाखिल-खारिज हो सकता है। फिर भी अंचलाधिकारी ने भू-माफिया के प्रभाव में आकर दाखिल-खारिज कर दिया। उन्होंने अंचलाधिकारी से लेकर जिलाधिकारी तक गुहार लगाने की बात कही।
कॉमरेड ब्रज मोहन सिंह ने कहा कि लोगों को अब तक पता नहीं है कि जिस रास्ते से वे रोज आते-जाते हैं, वह बिक चुका है। लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
पूर्व विधायक सोम प्रकाश ने कहा कि मुख्य पथ से जोड़ने वाली सार्वजनिक सड़क का बिक जाना आश्चर्य की बात है। रास्ता बंद होने से हजारों लोगों का आवागमन बाधित होगा और हजारों एकड़ जमीन बेकार हो जाएगी।
ललित सिन्हा ने कहा कि आज रास्ता नहीं बचा तो आने वाली पीढ़ी माफ नहीं करेगी। आर के सिंह ने पूरे डेहरी-डालमियानगर में नुक्कड़ सभा आयोजित करने पर जोर दिया।


रिपोर्टर