जिलाधिकारी ने सभी सीओ और डीसीएलआर के साथ की समीक्षा बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 23, 2026
- 6 views
रोहतास।बिहार में राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को आधुनिक, पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की रेवेन्यू कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम प्रणाली का शुभारंभ किया गया। यह पहल बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सोच ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ एवं सात निश्चय-तीन के उद्देश्यों के अनुरूप आम नागरिकों को तकनीक आधारित सरल,पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवायें उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रणाली की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को अपने राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई के लिए न्यायालय में भौतिक रूप से उपस्थित होने की अनिवार्यता से राहत मिलेगी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई की सुविधा उपलब्ध होगी और इससे लोगों को बार-बार न्यायालय आने-जाने, अनावश्यक समय खर्च करने एवं आर्थिक परेशानी से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री द्वारा आरसीएमएस-प्रणाली के शुभारंभ के उपरांत जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में जिला- स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी,जिसमें अपर समाहर्ता,सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा जिले के सभी अंचल अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने आरसीएमएस प्रणाली के उद्देश्यों,कार्यप्रणाली और इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस प्रणाली को जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में प्रभावी ढंग से लागू किया जाय। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऑनलाइन सुनवाई निर्धारित समय पर सुनिश्चित की जाय तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अनुरूप किया जाय। आरसीएमएस पोर्टल पर मामलों से संबंधित सभी आवश्यक प्रविष्टियाँ, अभिलेख,सुनवाई की तिथियाँ और पारित आदेश नियमित रूप से अद्यतन किए जायें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि ऑनलाइन सुनवाई की नियमित मॉनिटरिंग की जाय,प्रत्येक सुनवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाय तथा पारित आदेशों एवं मामलों के निष्पादन की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाय। डीएम ने कहा कि सभी डीसीएलआर एवं अंचल अधिकारी प्रणाली के प्रभावी संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को निर्देशित किया कि जिले में आरसीएमएस-प्रणाली के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग की जाय। सभी अनुमंडलों एवं अंचलों में प्रणाली का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ संबंधित पदाधिकारियों तथा कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाय।जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवायें सरलता,सम्मान एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना है। आरसीएमएस-प्रणाली इसी संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन सुनवाई से नागरिकों का समय तथा संसाधन बचेगा और सभी सुनवाइयों की वीडियो रिकॉर्डिंग एवं आदेशों की मॉनिटरिंग से जवाबदेही तथा पारदर्शिता को मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ इस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया,ताकि आम नागरिकों को राजस्व न्यायालयों से संबंधित मामलों में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े तथा उन्हें सुगम,पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाओं का लाभ मिल सके। जिला प्रशासन द्वारा सात निश्चय-तीन एवं ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के उद्देश्यों के अनुरूप डिजिटल राजस्व प्रशासन को सुदृढ़ बनाने तथा आरसीएमएस-प्रणाली के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।


रिपोर्टर