समय-सीमा बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन एवं विभागीय लंबित शिकायतों की समीक्षा की
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Nov 23, 2026
- 3 views
महिला एवं बाल विकास विभाग में अधिक शिकायतें लंबित होने पर जताई नाराजगी, अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों एवं समय-सीमा के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने राजस्व विभाग से संबंधित नामांतरण, सीमांकन एवं तरमीम सहित अन्य शिकायतों की समीक्षा करते हुए एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि इन प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित निराकरण करें। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग में अधिक संख्या में शिकायतें लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त की तथा लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुपस्थित रहने पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री, नरसिंहगढ़ तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विशेष रूप से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरणों को व्यक्तिगत रूप से देखें और उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें।कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मोहनपुरा एवं कुंडालिया सिंचाई परियोजना के अंतर्गत किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सिंचाई सुविधा के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में तोड़फोड़ किए जाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वामित्व योजना एवं मेडल पार्क सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण करें।


रिपोर्टर