जिलाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं के साथ की समीक्षा बैठक, योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 21, 2026
- 5 views
रोहतास। जिलाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित सड़क निर्माण, सड़क मरम्मत, सुदृढ़ीकरण एवं अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं से विभिन्न सड़क परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्य पूर्ण करने की निर्धारित समय-सीमा तथा निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से संचालित सभी सड़क योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण सड़कें जिले के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। इनके माध्यम से गांवों को मुख्य सड़कों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने में सहायता मिलती है। अतः सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन योजनाओं का नियमित स्थल निरीक्षण करें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। कार्यों में प्रयुक्त निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की मजबूती एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण की नियमित जांच की जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, उनमें तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए। सड़क निर्माण एवं मरम्मत से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति के प्रति संबंधित अभियंताओं की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता को और बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो तथा विकास योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।


रिपोर्टर