विकास खंड मुख्यालय पर मनाई गई सरदार पटेल की जयंती
- संदीप मिश्र, ब्यूरो चीफ जौनपुर
- Nov 10, 2026
- 2 views
राम नरेश प्रजापति की रिपोर्ट
सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को पीढ़ियां याद रखेंगी : बाबू सिंह कुशवाहा
सुईथाकला ब्लॉक मुख्यालय स्थित श्रीमती समला देवी जन कल्याण इंटर कॉलेज रूधौली में छठवां पटेल जयंती समारोह का आयोजन
सुईथाकला। सरदार पटेल जयंती आयोजन समिति की ओर से शनिवार को ब्लॉक मुख्यालय के समीप श्रीमती समला देवी जन कल्याण इंटर कॉलेज रूधौली में छठवां पटेल जयंती समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सदर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया गया।
सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि सरदार पटेल ने 682 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जिससे युवाओं को रोजगार मिले और उन्हें अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो। सरकार का नाम लिए बिना उन्होंने आरोप लगाया कि आज शिक्षा के अवसर सीमित किए जा रहे हैं। लोकतंत्र को आम जनता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सुरक्षा का आधार बताते हुए उन्होंने थानों में आम लोगों की सुनवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया।
विशिष्ट अतिथि रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन संघर्ष, शिक्षा और जनसेवा का प्रतीक है। गरीब किसान परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से विशिष्ट पहचान बनाई। कहा कि अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष और दृढ़ संकल्प जरूरी है। विशिष्ट अतिथि पूर्व ऊर्जा एवं नियोजन राज्यमंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि सरदार पटेल के जीवन और विचारों को देश के प्रत्येक नागरिक को पढ़ना चाहिए। यदि वे नहीं होते तो भारत सैकड़ों रियासतों में बंटा रह सकता था। देश की एकता और अखंडता में उनका योगदान अतुलनीय है। कहा कि आरएसएस की आज उसी विचारधारा से जुड़ी भाजपा की सरकारें दिल्ली और लखनऊ में हैं। सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने शिक्षा, रोजगार, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाते हुए कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार नहीं मिल रहा है।
बताया कि सरकारी नौकरियों में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने लोगों से संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर मतदान करने की अपील की। साथ ही सपा सरकार बनने पर भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
समिति के संरक्षक जितेंद्र वर्मा बाजीगर ने अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत किया, जबकि इंजीनियर धर्मेंद्र वर्मा ने आभार व्यक्त किया। सपा नेता त्रिभुवन यादव, जयनाथ वर्मा और रामानंद निषाद ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता अनिल वर्मा तथा संचालन विनय कुमार वर्मा ने किया।
इस मौके पर राम किशुन वर्मा, आरडी वर्मा, बिंदे वर्मा, सरदार सेना के जिलाध्यक्ष राज वर्मा, अमृता वर्मा, पप्पू यादव, चौधरी यादव, कमलेश वर्मा, चंद्रभान वर्मा, राम सकल बिंद, प्रधान बिंदेश जायसवाल, भोले वर्मा, लाल बहादुर वर्मा और महेश वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


रिपोर्टर