डीएम ने वेदा सूर्य मंदिर का किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 02, 2026
- 5 views
रोहतास ।छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने वेदा सूर्य मंदिर का निरीक्षण कर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) एवं अंचल अधिकारी, सासाराम को छठ महापर्व के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने, घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में पूजा-अर्चना करने की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।


रिपोर्टर