महिषासुर वध का मंचन, छात्राओं ने दिया शक्ति का संदेश

रोहतास।सासाराम स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल में 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को नवरात्रि के शुभअवसर पर माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों और महिषासुर वध का भव्य नाट्य मंचन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक मुकुट, पारंपरिक आभूषणों और सजीव अभिनय से सजी छात्राओं की प्रस्तुति ने परिसर में उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर महिषासुर वध के दृश्य के साथ बुराई पर अच्छाई की विजय का पौराणिक प्रसंग जीवंत हो उठा। छात्राओं ने माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को धारण कर शक्ति, साहस और नारी सम्मान का संदेश दिया। महिषासुर वध के दृश्य में सामूहिक अभिनय और भाव भंगिमाओं ने प्रस्तुति को खास बना दिया। माँ शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री का स्वरूप धारण कर छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया।मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी नाग, चेयरमैन श्री जगदीश नारायण सिंह, मोरसराय के प्रधानाचार्य राजीव रंजन, उपप्रधानाचार्या अंकिता सिंह व मीडिया के सदस्यगण उपस्थित थे। इस अवसर पर चेयरमैन ने छात्र-छात्राओं के इस प्रेरणादायक कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने दशहरा पर्व के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह त्योहार हमें सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में अन्य शिक्षक-शिक्षकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट