कचरे में मिली महाराष्ट्र पुलिस की टोपी, विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Oct 11, 2026
- 105 views
कल्याण पूर्व के पत्रिपुल परिसर में कचरा बीनने वाले के सिर पर दिखी टोपी; मनोज वाघमारे ने जाँच की मांग की
कल्याण। महाराष्ट्र पुलिस की पहचान मानी जाने वाली टोपी कचरे में मिलने की घटना से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और वर्दी से जुड़ी वस्तुओं के निपटान पर सवाल खड़े हो गए हैं। कल्याण पूर्व के पत्रिपुल परिसर में एक कचरा बीनने वाले व्यक्ति के सिर पर पुलिस की टोपी दिखाई दी। बताया जाता है कि उसे यह टोपी कचरे में मिली थी, जिसे उसने धूप से बचने के लिए पहन लिया। घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई।
पत्रकार फाउंडेशन के कल्याण शहर अध्यक्ष मनोज वाघमारे ने मामले की जाँच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस की टोपी केवल एक वस्तु नहीं, बल्कि विभाग की पहचान और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सवाल उठाया कि टोपी कचरे तक कैसे पहुँची और यदि उसे अनुपयोगी घोषित किया गया था, तो उसके निपटान की प्रक्रिया क्या अपनाई गई?
टोपी का वास्तविक स्रोत और उसके कचरे में पहुँचने की परिस्थितियाँ अभी स्पष्ट नहीं हैं। ऐसे में संबंधित विभाग द्वारा जाँच कर तथ्यों को सामने लाना आवश्यक है। पुलिस की पहचान से जुड़ी वस्तुओं के संभावित दुरुपयोग को रोकने के लिए भी उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इस मामले में जानकारी लेने के लिए कल्याण पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो सका। अब सवाल यह है कि महाराष्ट्र पुलिस की पहचान से जुड़ी टोपी कचरे में कैसे पहुँची और क्या प्रशासन इसकी जाँच कर जिम्मेदारी तय करेगा?


रिपोर्टर