गोडारी में गूंजी एकता की तालियां मुस्लिम युवक ने फोडा मटका


रोहतास। जिले के काराकाट काराकाट नगर पंचायत क्षेत्र के गोडारी वार्ड संख्या सात स्थित शिव मंदिर परिसर में शनिवार की देर शाम आयोजित मटका फोड़ प्रतियोगिता में करूप ग्रुप के सलमान अली ने मटका फोड़कर टीम को विजेता बना दिया। मटका फूटते ही पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। प्रतियोगिता ने हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की शानदार मिसाल पेश की।राधे कृष्ण स्टार क्लब गोडारी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मटका फोड़ने के रोमांचक प्रयासों को देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण जुटे थे, जो लगातार प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर उपाध्यक्ष रविश रंजन ने फीता काटकर किया। इस दौरान नगर उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को अंगवस्त्र एवं तिलक लगाकर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता में करूप ग्रुप, नाद ग्रुप, बाद ग्रुप और गोडारी ग्रुप की टीमों ने हिस्सा लिया। मटका फोड़ने के लिए सभी टीमों के प्रतिभागियों ने कई प्रयास किए। अंततः करूप ग्रुप की टीम ने बाजी मार ली। टीम के सदस्य सलमान अली ने मटका फोड़कर अपनी टीम को विजेता बनाया।प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह रही कि शिव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के युवाओं ने मिलकर भाग लिया और एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाया। सलमान अली के मटका फोड़ते ही मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और विजेता टीम का उत्साह बढ़ाया।आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विजेता करूप ग्रुप की टीम में सलमान अली, ओमकार, विक्रांत, गोलू गोल्ड, परवेज अली, संदीप, ऋषि सिंह, प्रियांशु, दीपक यादव, अजित कुमार, अजय पासवान, जीतन यादव, बजरंगी, विपिन और सोनू सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष सोनू सिंह राजपूत, सचिव अंकित गुप्ता, सदस्य सुधीर कुमार, दीपक गुप्ता, रौनक राज, धीरज कुमार, दीपू गुप्ता और रंजीत गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट