डीएम ने “तरैया–तिलौथू पुल” का किया निरीक्षण,कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश


रोहतास।जिलाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र द्वारा मंगलवार को ग्रामीण कार्य विभाग, डेहरी की महत्वपूर्ण परियोजना “तेरिया–तिलौथू पुल” के निर्माण कार्य की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की वर्तमान प्रगति,निर्माण कार्य की स्थिति एवं कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी से जानकारी ली। कार्य की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाये जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। कार्य की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा कार्य में आ रही बाधाओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट