हर घर तिरंगा अभियान-स्वास्थ्य विभाग ने निकाली तिरंगा रैली, विद्यालयों में आयोजित हुईं विविध गतिविधियाँ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 11, 2026
- 1 views
रोहतास। जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से जिलेवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को और सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल सर्जन के नेतृत्व में सदर अस्पताल परिसर में तिरंगा रैली निकाली गयी। रैली में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूक किया गया,जबकि शिक्षा विभाग की ओर से लगातार तीसरे दिन जिले के विभिन्न विद्यालयों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगोली प्रतियोगिता,तिरंगा बनाओ प्रतियोगिता एवं तिरंगा रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने महापुरुषों के चित्र बनाकर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा रचनात्मक माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व,स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में लगातार आयोजित किये जा रहे इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव,देशभक्ति तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।


रिपोर्टर