समरसेबुल के लिए खोदा गया गड्ढा बना कालः पानी में डूबने से दो मासूम भाइयों जैसी उम्र के बच्चों की दर्दनाक मौत
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Aug 05, 2026
- 44 views
बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अच्छेलाल उर्फ पप्पू गौतम ने समरसेबुल पंप लगाने के लिए मंगलवार को बोरिंग कराई थी। बोरिंग के दौरान खोदा गया गड्ढा खुला छोड़ दिया गया, जिसमें बारिश और भूजल के कारण पानी भर गया था। बुधवार शाम करीब चार बजे 6 वर्षीय शिवा बिंद और 5 वर्षीय आरव बिंद, दोनों पुत्र वीरेंद्र बिंद, खेलते-खेलते उसी रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान दोनों मासूम पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। काफी देर तक बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला गया। ग्रामीण तत्काल दोनों बच्चों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों मासूम बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम दिखाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बोरिंग के बाद गड्ढे को सुरक्षित ढंग से भर दिया जाता या उसके चारों ओर सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने ऐसे खुले गड्ढों को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई।


रिपोर्टर