डीएम एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में चेहल्लुम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 04, 2026
- 5 views
रोहतास। जिला समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में चेहल्लुम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी,जिसमें शांति समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था,साफ-सफाई तथा संवेदनशील-स्थलों पर विशेष निगरानी एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी। जिला पदाधिकारी ने नगर निगम, सासाराम को शहर में स्वच्छता, पेयजल,प्रकाश-व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधायें सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखने की बात कही गयी। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी चेहल्लुम जुलूस निर्धारित समय तथा पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाले जायेंगे और बिना सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियाँ समय रहते पूरी कर लेने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि सासाराम शहर में चेहल्लुम जुलूस के लिए दिन में 11:00 बजे से 2:00 बजे तक तथा रात्रि में 9:00 बजे से 1:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी चिन्हित एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। चेहल्लुम पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता के लिए समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। किसी भी व्यक्ति द्वारा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06184-226072 एवं 06184-226093 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने आम-अवाम से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को दें तथा चेहल्लुम पर्व को शांति,सद्भाव और आपसी सहयोग के साथ संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।


रिपोर्टर