डेहरी में लगा पीएम सूर्य घर सोलर मेला, ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन से उपभोक्ताओं ने लिया योजना का लाभ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 01, 2026
- 3 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।आम नागरिकों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी "पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना" के तहत शुक्रवार को डेहरी में सोलर मेला आयोजित किया गया।
मेले का संयुक्त उद्घाटन जिलाधिकारी रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा, विद्युत अधीक्षण अभियंता सासाराम ई. इंद्रदेव कुमार एवं विद्युत कार्यपालक अभियंता डेहरी ई. संतोष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उपभोक्ताओं को मिली पूरी जानकारी
मेले का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्रणाली के प्रति जागरूक करना था। विशेषज्ञों की टीम ने सोलर पैनल की स्थापना, कार्यप्रणाली, लागत, सब्सिडी और आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी। उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। मेले की सबसे बड़ी विशेषता ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन रही, जिससे इच्छुक उपभोक्ता तुरंत आवेदन कर सके। विभिन्न अधिकृत वेंडर्स ने भी सोलर समाधान उपलब्ध कराए।
कितनी मिलेगी सब्सिडी
विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. संतोष कुमार ने बताया कि इस योजना में 1 किलोवाट पर 30,000 रुपये, 2 किलोवाट पर 60,000 रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। साथ ही करारनामा अवधि में 7 वर्षों तक निःशुल्क मरम्मत एवं रख-रखाव की सुविधा भी मिलेगी।
ऋण और क्षमता की जानकारी
जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि सोलर संयंत्र लगाने के लिए बैंकों के माध्यम से 2 लाख रुपये तक का ऋण 6.75 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध है। ऋण की अदायगी शहरी क्षेत्रों में 4 से 5 वर्ष और ग्रामीण क्षेत्रों में 7 से 8 वर्ष में की जा सकती है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि अधिक बिजली खपत वाले उपभोक्ता विशेष रूप से योजना से जुड़ें। 150 यूनिट तक खपत पर 1 किलोवाट, 300 यूनिट तक पर 2 किलोवाट और 300 यूनिट से अधिक पर 3 किलोवाट या अधिक क्षमता उपयुक्त रहेगी। 1 किलोवाट सोलर पैनल के लिए लगभग 100 वर्गफुट छत की जरूरत होती है और उचित रख-रखाव से यह 25 वर्षों तक चलता है। अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर बिल में समायोजन भी किया जा सकता है।
अब तक 388 घरों में लगा सोलर
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 388 उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।
विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. इंद्रदेव कुमार ने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल कम करेगी बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी अहम कदम है। सभी उपभोक्ता इसका अधिकतम लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उपभोक्ताओं के साथ सभी सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित रहे।


रिपोर्टर