भगवानपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 लीटर देसी शराब के साथ तीन गिरफ्तार बाइक व ई-रिक्शा जप्त

संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट 

भभुआं(कैमूर)- अनुमंडल के भगवानपुर थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में भगवानपुर पुलिस ने 24 लीटर देसी शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ई-रिक्शा चालक शमीम अंसारी (24 वर्ष), पिता कमरुद्दीन अंसारी, ग्राम टोड़ी, लाइनर के रूप में कार्य कर रहे इंदल बिंद (22 वर्ष), पिता विजयमल बिंद, ग्राम कृष्णापुर तथा गुड्डू मुसहर (28 वर्ष), पिता राम अवतार मुसहर, ग्राम मुसहर टोली, भगवानपुर शामिल हैं।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने ई-रिक्शा की तलाशी के दौरान उसमें रखे कुल 24 लीटर देसी शराब को बरामद किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शराब परिवहन में एक होंडा मोटरसाइकिल का उपयोग लाइनर के रूप में किया जा रहा था। पुलिस ने उक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। साथ ही लाइनर के रूप में प्रयुक्त दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में पता चला कि गुड्डू मुसहर ने अपना मोबाइल शमीम अंसारी को संपर्क करने के लिए दिया था।

गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों का भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत सभी को भभुआ न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराने के लिए भगवानपुर पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट