मॉडल स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता होगी और बेहतर, डीईओ ने दिए सख्त निर्देश
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 29, 2026
- 15 views
स्मार्ट क्लास, खेल, संगीत, पुस्तकालय एवं नियमित कक्षा संचालन की हुई समीक्षा
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी---- जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता की अध्यक्षता में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों के संचालकों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, अनुशासन तथा आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना था।
बैठक के दौरान विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, खेलकूद, संगीत शिक्षा, पुस्तकालय एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों के प्रभावी संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक शिक्षण व्यवस्था के साथ-साथ खेल, संगीत एवं पुस्तकालय जैसी गतिविधियों को भी नियमित रूप से संचालित करना आवश्यक है।
उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में निर्धारित समय पर नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति बढ़ाने, स्वच्छ एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
बैठक में विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी संचालकों से विभागीय दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने, शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी करने तथा विद्यार्थियों के हित में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विद्यालयों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करना सुनिश्चित किया जाए।


रिपोर्टर