स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, पोषण, स्वच्छता एवं कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jul 27, 2026
- 126 views
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश, ट्रेंचिंग ग्राउंड की होगी नियमित मॉनिटरिंग
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आमजन को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने तथा कार्यों में गुणवत्ता, जवाबदेही एवं प्रभावी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी सार्थक ऐप पर नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें तथा उपस्थिति के आधार पर ही वेतन आहरित किया जाए। उन्होंने निर्देशों के पालन में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आगामी माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में सीनियर एनीमिया, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की मॉनिटरिंग तथा क्षय रोग (टीबी) के मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समय-सीमा के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलीपीठ टप्पा के तीन आवेदन निर्धारित समय-सीमा से बाहर पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर पाँच-पाँच सौ रुपये का अर्थदंड अधिरोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों का सर्वेक्षण एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम आपसी समन्वय के साथ सर्वेक्षण कार्य संपादित करे, जिससे पात्र बच्चों को समय पर आवश्यक सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ मिल सके।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिले के सभी चालू हैंडपंपों में नियमित क्लोरीनेशन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही बंद हैंडपंपों का उपयोग वर्षा जल संचयन (वॉटर हार्वेस्टिंग) के लिए किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने किला अमरगढ़ में पानी की टंकी से शीघ्र जलापूर्ति प्रारंभ कराने तथा उप स्वास्थ्य केंद्र किला अमरगढ़ को डिलीवरी प्वाइंट के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नगरीय निकायों के ट्रेंचिंग ग्राउंड का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन प्राप्त होने वाले कचरे की मात्रा, कचरा परिवहन करने वाले वाहनों की संख्या, ईंधन की खपत तथा सूखे एवं गीले कचरे के पृथक संग्रहण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा सके।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि खेती करने वाले किसानों की प्रविष्टियां नियमानुसार खसरे में दर्ज कराई जाएं, ताकि किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। बैठक में कृषि विभाग द्वारा उर्वरकों की उपलब्धता, उद्यानिकी विभाग की ड्रिप एवं स्प्रिंकलर योजनाओं तथा पशुपालन विभाग की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर