हर व्यक्ति लगाए एक पौधा, यही प्रकृति के प्रति सच्ची जिम्मेदारी" - राजेश्वर सिंह
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 17, 2026
- 4 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।पाली निवासी सामाजिक कार्यकर्ता राजेश्वर सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही जीवनदाता हैं और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में इनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि यदि पेड़ नहीं रहेंगे तो जीव-जंतुओं और मनुष्यों को जीवनदायिनी ऑक्सीजन कहां से मिलेगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं भी अनेक वृक्ष लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखते हैं, बल्कि प्रदूषण कम करने और तापमान नियंत्रित करने में भी अहम योगदान देते हैं। एक सामान्य पेड़ सालभर में बड़ी मात्रा में धूल और कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर वातावरण को शुद्ध बनाता है। साथ ही एक बड़ा पेड़ अपने आसपास के क्षेत्र का तापमान कम रखता है, जिससे गर्मी में लोगों को राहत मिलती है।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि पेड़-पौधे किसी से भेदभाव नहीं करते। वे सभी जीवों को समान रूप से ऑक्सीजन, छाया, फल और स्वच्छ वातावरण देते हैं। वर्तमान में बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन का मुख्य कारण अंधाधुंध वृक्षों की कटाई है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते पेड़ों का संरक्षण और बड़े पैमाने पर पौधारोपण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट झेलना पड़ेगा।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि "हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। यही प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सच्ची जिम्मेदारी है।"


रिपोर्टर