आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, प्रथम दिन लगभग 50 बच्चों ने लिया प्रशिक्षण


रोहतास।जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार रोहतास जिला अंतर्गत आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस लगभग 50 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की शिक्षा प्राप्त की।

प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अस्थायी रूप से प्रतिनियुक्त शिक्षक नवीन कुमार चौबे, विश्वजीत कुमार एवं सुगंधा आनंद ने विद्यार्थियों को शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य की प्रारंभिक बारीकियों से अवगत कराया। प्रथम दिन ही विद्यार्थियों में कला के प्रति विशेष उत्साह, अनुशासन एवं सीखने की ललक देखने को मिली।

इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने उपस्थित अभिभावकों को आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की गतिविधियों, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा केंद्र के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कला शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। बिहार सरकार की यह महत्वाकांक्षी पहल राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को अपनी कला निखारने का सशक्त मंच प्रदान करेगी।

उन्होंने बिहार सरकार की "मेडल लाओ, नौकरी पाओ" योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना प्रतिभाशाली कलाकारों के लिए भी प्रेरणास्रोत है तथा भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में आगामी कुछ दिनों तक नामांकन की प्रक्रिया जारी रहेगी। शास्त्रीय गायन, वादन, नृत्य एवं अन्य निर्धारित विधाओं में 40-40 विद्यार्थियों का नामांकन पूर्ण होने के उपरांत संबंधित कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में प्रशिक्षण कार्य जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अस्थायी रूप से प्रतिनियुक्त शिक्षकों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। विभाग द्वारा स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति होते ही प्रतिनियुक्त शिक्षकों को केंद्र के शिक्षण कार्य से कार्यमुक्त कर दिया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट