कैमूर के रामगढ़ में गोबर रखने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 6 लोग घायल

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर---- जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रास्ते पर गोबर रखने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है मामला ईसरी गांव का है, जहां गुरुवार को रास्ते पर गोबर रखने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुरुआत में विवाद सामान्य बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। इसके बाद दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एक पक्ष के दो तथा दूसरे पक्ष के तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, एक घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है घटना की सूचना मिलने के बाद हरिप्रसाद शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है रामगढ़ थानाध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि ईसरी गांव में रास्ते पर गोबर रखने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें कुल छह लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि कानून अपने स्तर पर निष्पक्ष कार्रवाई करेगा

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट