डीएम ने जलसंसाधन विभाग के अधिकारीयों से की बैठक


रोहतास । शुक्रवार को जिला पदाधिकारी, रोहतास के द्वारा जल संसाधन विभाग (डब्लूआरडी) के अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर जिले में संचालित विभिन्न पेयजल एवं सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में निर्माणाधीन योजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करने पर विशेष चर्चा की गई।


बैठक के दौरान विभागीय अभियंताओं ने जिला पदाधिकारी को बताया कि जिले में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके साथ ही पेयजल ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण एवं शहर में जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी निर्धारित योजना के अनुरूप कराया जा रहा है।


जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने के दौरान आमजन को होने वाली असुविधाओं को न्यूनतम रखा जाए। परियोजना को ससमय पूरा किया जाए। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजनाओं की गति प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट