चलती संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान फिसले बुजुर्ग यात्री, आरपीएफ की तत्परता से बची जान

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी--- गया जंक्शन पर गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक 72 वर्षीय बुजुर्ग यात्री फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच जा गिरे। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की त्वरित कार्रवाई और ट्रेन को समय रहते रोक दिए जाने से यात्री की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12330 डाउन वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सुबह 8:46 बजे गया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर पहुंची। निर्धारित ठहराव के बाद सुबह 8:51 बजे ट्रेन खुलने लगी। इसी दौरान कोच संख्या एस-1 की बर्थ संख्या 12 पर आनंद विहार से सियालदह तक यात्रा कर रहे राम लखन राम (72 वर्ष), निवासी मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) खाने-पीने का सामान लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गए थे।

ट्रेन खुलने के बाद जल्दबाजी में चढ़ने के प्रयास के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे प्लेटफॉर्म तथा ट्रैक के बीच जा गिरे। हादसे में उनके सिर और दाहिने पैर में चोट लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑन ड्यूटी ट्रेन मैनेजर ने तत्काल प्रेशर ड्रॉप कर ट्रेन रुकवा दी।

सूचना मिलते ही आरपीएफ गया के ड्यूटी अधिकारी उपनिरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक इंद्र कुमार, सहायक उपनिरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला, प्रधान आरक्षी मनीष कुमार तथा अन्य जवान मौके पर पहुंचे। यात्रियों के सहयोग से घायल को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार देने के बाद निजी वाहन से उनके परिजन सुशांत हेम्ब्रम के साथ रेलवे अस्पताल, गया भेजा गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए घायल यात्री को मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, गया ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट