वन डे गवर्नेंस अभियान में 698 आवेदनों का मौके पर निस्तारण, लाभार्थियों को मिले प्रमाणपत्र

मड़ियाहूं, जौनपुर। आम नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को तहसील मड़ियाहूं परिसर में आयोजित वन डे गवर्नेंस अभियान के तहत विभिन्न प्रमाणपत्रों एवं जनसेवा से जुड़े कुल 698 आवेदनों का उसी दिन निस्तारण कर लाभार्थियों को तत्काल प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए गए।

अभियान के दौरान 287 आय प्रमाणपत्र, 174 जाति प्रमाणपत्र, 182 निवास प्रमाणपत्र, 30 खतौनी में नाम संशोधन, दो राशन कार्ड संशोधन, दो नए राशन कार्ड तथा 21 जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए। एक ही दिन में सभी सेवाओं का निस्तारण होने से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि वन डे गवर्नेंस अभियान का उद्देश्य आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी और सरल तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनसेवा से जुड़े सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर तहसीलदार राकेश कुमार, नायब तहसीलदार अमित सरोज, संदीप गुप्ता, कृति सहित तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के सफल आयोजन पर लाभार्थियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट