घर से फौज तक का सफर शुरू: दक्षिण बिहार के 2800 अग्निवीर देश सेवा के प्रशिक्षण हेतु रवाना
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 25, 2026
- 2 views
सेना प्रशिक्षण के लिए रवाना होते अभ्यार्थियों ने कहा‘घर जैसा मिला अपनापन’
गयाजी। देशभक्ति के जज़्बे और भारतीय सेना में सेवा देने के सपने को साकार करते हुए दक्षिण बिहार के लगभग 2,800 चयनित अग्निवीर अब सैन्य प्रशिक्षण की ओर अपना पहला कदम बढ़ा चुके हैं। सेना भर्ती कार्यालय, गया द्वारा इन अग्निवीरों को भारतीय सेना के देशभर में स्थित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के लिए रवाना करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इनका सैन्य प्रशिक्षण 01 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
सेना भर्ती कार्यालय गया में चयनित अग्निवीरों के लिए डिस्पैच मेडिकल परीक्षण, दस्तावेज़ सत्यापन एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं 20 जून 2026 से शुरू हुई हैं। यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से 28 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को उनके संबंधित प्रशिक्षण केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है।
डिस्पैच प्रक्रिया के दौरान सेना भर्ती कार्यालय द्वारा चयनित अग्निवीरों के लिए जलपान एवं आवश्यक सहायता की विशेष व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण केंद्रों के लिए प्रस्थान करने से पहले सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनकी यात्रा सुगम और सुविधाजनक बन सके।
चयनित अभ्यर्थियों ने सेना भर्ती कार्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया के शुरुआती दिन से लेकर डिस्पैच तक उन्हें बेहतर सुविधाएं और सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि खाने-पीने सहित अन्य व्यवस्थाएं इतनी अच्छी थीं कि उन्हें घर जैसा माहौल महसूस हुआ। इसके लिए सभी अभ्यर्थियों ने सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि इन अग्निवीरों का चयन मार्च 2026 में सेना भर्ती कार्यालय गया द्वारा आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के माध्यम से किया गया था। इस भर्ती प्रक्रिया में दक्षिण बिहार के 11 जिलों के हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। चयनित लगभग 2,800 अग्निवीरों का डिस्पैच दक्षिण बिहार के युवाओं की देश सेवा के प्रति समर्पण, अनुशासन और भारतीय सेना को मजबूत बनाने के संकल्प का प्रतीक है।
सेना भर्ती कार्यालय गया ने सभी चयनित अग्निवीरों को उनके आगामी सैन्य प्रशिक्षण तथा भारतीय सेना में उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।


रिपोर्टर