वाराणसी इलाज के लिए जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 25, 2026
- 7 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में नसेज गुमटी के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मोकरी गांव निवासी रितुमभरा कुमारी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितुमभरा अपने मायके नसेज गांव आई हुई थीं और अपने भाई के साथ इलाज के लिए वाराणसी जाने की तैयारी में थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) नसेज गुमटी के पास पार करने के क्रम में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।


रिपोर्टर