सात निश्चय-3 योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश


रोहतास। समाहरणालय रोहतास स्थित डीआरडीए सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर के सरकारी कार्यालयों में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका शीघ्र समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


डीएम ने बताया कि आम लोगों को अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों की समीक्षा स्वयं मुख्यमंत्री स्तर से लगातार की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों में अब तक प्राप्त 6,983 आवेदनों में से 6,212 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 508 आवेदन लंबित हैं। इस प्रगति को उन्होंने संतोषजनक बताते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।


जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को सहयोग शिविर में ही उनके आवेदन की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी जा सके।


बैठक के दौरान डीएम ने जिले में चल रहे सभी सरकारी परियोजनाओं एवं पुल निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि संबंधी समस्याएं आ रही हैं, उनकी सूची तैयार की जाए। ऐसे मामलों की निगरानी के लिए प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप का गठन किया जाएगा, जो परियोजनाओं की सतत समीक्षा करेगा।


बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट