रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर और औरंगाबाद में अगले तीन दिनों तक मौसम रहेगा सक्रिय, बारिश और तेज हवा के आसार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 17, 2026
- 3 views
रोहतास। दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर और औरंगाबाद में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चल सकती है।
17 जून को क्षेत्र के कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं 18 जून को बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं।
19 जून को भी मौसम पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास सावधानी बरतने को कहा गया है।
मौसम में बदलाव से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि गरज-चमक और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश खरीफ फसलों की तैयारी कर रहे किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है, लेकिन तेज हवा और वज्रपात की स्थिति में सावधानी बरतना आवश्यक होगा।


रिपोर्टर