चडुई गांव में दुर्गा मंदिर को लेकर विवाद, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर; अतिक्रमण हटाकर भूमि कराई मुक्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 11, 2026
- 7 views
सरकारी जमीन पर निर्माण को लेकर दो पक्षों में था विवाद, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कुदरा/कैमूर:-- जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत चडुई गांव में बिहार सरकार की भूमि पर बने दुर्गा मंदिर परिसर को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच बुधवार की शाम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। शाम करीब पांच बजे अंचल प्रशासन की देखरेख में जेसीबी मशीन चलाकर विवादित स्थल पर बने मिट्टी एवं खप्परपोश निर्माण को हटाया गया। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल एवं दंगा नियंत्रण दल को मौके पर तैनात किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चडुई गांव निवासी राजू सिंह द्वारा प्रशासन को आवेदन देकर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की गई थी। शिकायत के आलोक में राजस्व एवं पुलिस विभाग ने मामले की जांच की और कार्रवाई का निर्णय लिया। बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमित हिस्से को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थल पर कई वर्ष पूर्व दुर्गा मंदिर का निर्माण कराया गया था, जहां गांव के सभी वर्गों के लोग नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। ग्रामीणों ने मंदिर की धार्मिक आस्था से जुड़े होने का हवाला देते हुए अपनी चिंता भी व्यक्त की।
मामले को लेकर पत्रकारों द्वारा कुदरा के अंचलाधिकारी श्री नारायण राय से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि चडुई निवासी राजू सिंह द्वारा प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर बने मिट्टी एवं खप्परपोश ढांचे को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
अंचलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्गा मंदिर हिंदू समाज की एक पवित्र आस्था का केंद्र है और प्रशासन की कार्रवाई किसी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन कानून एवं नियमों के अनुसार कार्य कर रहा है तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।


रिपोर्टर