रामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दुष्कर्म और धमकी मामले में पति-पत्नी सलाखों के पीछे
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 10, 2026
- 24 views
नशीला पदार्थ पिलाकर महिला से दुष्कर्म, वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन का दबाव; आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर--- जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने तथा उसका वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपत्ति को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में की।
अनुमंडल कार्यालय मोहनिया में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ ने बताया कि मंगलवार को रामगढ़ थाना में एक महिला ने लिखित आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला के अनुसार, 4 जून की शाम करीब छह बजे रामगढ़ थाना क्षेत्र के डरवन गांव निवासी एकराम अंसारी एवं उसकी पत्नी शाहिदा बेगम ने उसे अपने घर बुलाया। वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह अचेत अवस्था में पहुंच गई।
आरोप है कि अचेत अवस्था का लाभ उठाकर एकराम अंसारी ने महिला की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान उसकी पत्नी शाहिदा बेगम मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाती रही। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद दोनों ने वीडियो दिखाकर उसे धमकाया और कहा कि यदि उसने धर्म परिवर्तन नहीं किया तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
शिकायत मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपत्ति को चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस संबंध में रामगढ़ थाना कांड संख्या 150/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एकराम अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध महिलाओं से छेड़छाड़ सहित अन्य मामलों में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है तथा मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


रिपोर्टर