तेज रफ्तार ट्रॉली ट्रक मकान में घुसा, चाय दुकान समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त, दो घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 10, 2026
- 44 views
संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट
कैमूर--- जिला के कुदरा थाना क्षेत्र के पछाहगंज स्थित एनएच-19 पर बुधवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मोहनिया से सासाराम की ओर तेज रफ्तार से जा रहा एक ट्रॉली ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान, मकान और खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मारते हुए सीधे मकान में जा घुसा। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। उस समय सड़क किनारे स्थित चाय दुकान पर कई वाहन चालक और स्थानीय लोग चाय पी रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहा ट्रॉली ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पहले चाय दुकान को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक ने पास में खड़ी अन्य गाड़ियों को अपनी चपेट में लेते हुए एक मकान में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान कुछ वाहन चालक ट्रक के नीचे फंस गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में दो लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चालक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-19 पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा ओवरस्पीडिंग पर रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खो देना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। क्षतिग्रस्त संपत्ति का आकलन किया जा रहा है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


रिपोर्टर