इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय तिलौथू बना मॉडल स्कूल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 05, 2026
- 5 views
रोहतास। जिले के तिलौथू प्रखंड के लिए एक बड़ी और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों और विद्यालय के समग्र विकास को देखते हुए इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय तिलौथू को मॉडल स्कूल के रूप में चयनित किया गया है।
बताया जाता है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक मैकू राम के नेतृत्व में हुए उल्लेखनीय कार्यों से प्रभावित होकर राज्य सरकार ने विशेष निर्णय लेते हुए _पूर्व में चयनित इंद्रपुरी उच्च विद्यालय के स्थान पर तिलौथू उच्च विद्यालय को मॉडल स्कूल का दर्जा प्रदान किया है।_ जानकारी के अनुसार बिहार में *यह पहला अवसर है जब किसी चयनित मॉडल स्कूल में परिवर्तन कर दूसरे विद्यालय को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह उपलब्धि न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे तिलौथू प्रखंड के लिए सम्मान और गर्व का विषय है। विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान के लिए किए गए प्रयासों को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार माना जा रहा है।
इसके साथ ही जुलाई माह में राज्य स्तर पर आयोजित समारोह में बिहार के 13 उत्कृष्ट विद्यालय प्रधानाध्यापकों को राज्यपाल एवं शिक्षा मंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा, जिसमें इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय तिलौथू के प्रधानाध्यापक मैकू राम का नाम भी शामिल है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक मैकू राम और विद्यालय परिवार को बधाई दी है।


रिपोर्टर