FD की जानकारी के लिए दर-दर भटक रहा बुजुर्ग ग्राहक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 05, 2026
- 6 views
रोहतास।संझौली स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में एक बुजुर्ग ग्राहक अपनी वर्षों पुरानी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की जानकारी के लिए लगातार चक्कर लगाने को मजबूर हैं। मामला सामने आने के बाद बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। चैता बहोरी गांव निवासी सुरेंद्र सिंह (पिता स्व. रामाधार सिंह) का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2016 में संझौली शाखा में ₹50 हजार की फिक्स्ड डिपॉजिट कराई थी। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद जब उन्होंने अपनी जमा राशि और उससे संबंधित अभिलेखों की जानकारी लेनी चाही तो उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। उनका आरोप है कि कई बार बैंक जाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
उम्रदराज होने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद बार-बार बैंक का चक्कर लगाने से उन्हें काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। परिजनों का कहना है कि एक वरिष्ठ नागरिक को अपनी ही जमा पूंजी की जानकारी के लिए इतना परेशान होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनू कुमार ने भी बैंक शाखा पहुंचकर स्थिति की जानकारी लेने का प्रयास किया। आरोप है कि संबंधित मामले पर स्पष्ट जानकारी देने के बजाय बैंक कर्मियों द्वारा टालमटोल का रवैया अपनाया गया। इससे ग्राहक और उनके परिवार की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंकों को वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए, लेकिन यहां एक बुजुर्ग ग्राहक अपनी एफडी की स्थिति जानने के लिए लंबे समय से परेशान हैं।
वहीं मामले में बैंक का पक्ष जानने के लिए शाखा प्रबंधक धीरेंद्र कुमार से मोबाइल फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने स्वयं को व्यस्त बताते हुए बातचीत बाद में करने की बात कही, जिसके कारण समाचार लिखे जाने तक उनका विस्तृत पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। यदि बैंक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। ग्रामीणों और ग्राहकों ने बैंक के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कर बुजुर्ग ग्राहक की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बैंक प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और ग्राहक को कब तक राहत मिलती है।


रिपोर्टर