अवैध खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 281 छापेमारी में 93 वाहन जब्त, 18 गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी--- जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला खनन कार्यालय एवं स्थानीय प्रशासन-पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल एवं मई माह में व्यापक छापेमारी अभियान संचालित किया गया।

खनिज विकास पदाधिकारी, गया ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 281 छापेमारी की गई, जिसमें अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त 93 वाहनों को जब्त किया गया। साथ ही संबंधित थानों में 52 प्राथमिकी दर्ज कराई गई तथा 18 अवैध खननकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि जब्त वाहनों एवं अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध 280.12 लाख रुपये का दंड एवं जुर्माना अधिरोपित किया गया है। यह कार्रवाई जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

खनिज विकास पदाधिकारी ने आगे बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई माह तक 1416.82 लाख रुपये राजस्व का संग्रह किया गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के इसी अवधि में प्राप्त राजस्व की तुलना में 508.53 लाख रुपये अधिक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध आगे भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट