आयोजित हुआ कन्या विवाह महायज्ञ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 01, 2026
- 19 views
रोहतास। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटियों का निःशुल्क विवाह कराओ तथा दहेज मुक्त समाज बनाओ के संकल्प के साथ रविवार को रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत पड़री स्थित सूर्य मंदिर परिसर में भव्य कन्या विवाह महायज्ञ (सामूहिक विवाह कार्यक्रम) का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम रामा स्वामी पेरियार मानव कल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना तथा समाज में दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना रहा।
आयोजकों ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिलती है और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष जय प्रकाश पाण्डेय, राजद प्रदेश नेता इकबाल अहमद, कांग्रेस सासाराम नगर अध्यक्ष तौफीक अहमद मकरानी, राजद पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मकसूद आलम, कांग्रेस नेता अश्विनी कुमार पासवान सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संजय कुमार सिंह, काशी कुमार चन्द्रवंशी, शशि भूषण सिंह, डॉ. शिवमुनी प्रसाद, सीताराम पटेल, मोहम्मद जफर अली तथा ट्रस्ट के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने कहा कि समाज से दहेज प्रथा को समाप्त करने और बेटियों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए ऐसे सामूहिक विवाह कार्यक्रमों का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने लोगों से बेटी शिक्षा और दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देने की अपील की।


रिपोर्टर