कुदरा-भभुआ मोड़ पर ओवरलोडेड वाहनों का आतंक, घंटों जाम से जनता बेहाल

रोड निर्माण के बीच खराब ट्रक बना मुसीबत, प्रशासन पर उदासीनता का आरोप

 संवाददाता रूपेश कुमार दुबे कि रिपोर्ट

कैमूर:-- जिले के कुदरा-भभुआ मोड़ पर इन दिनों ओवरलोडेड वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से इस पर कोई प्रभावी अंकुश दिखाई नहीं दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई वाहन बिना नंबर प्लेट के भी सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं, बावजूद इसके प्रशासन की नजर इस ओर नहीं पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण सड़क फिलहाल वन-वे हो गई है। इसी बीच एक ट्रक बीच सड़क पर खराब हो जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई। सड़क संकरी होने और ट्रक के खराब होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।


भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में फंसे राहगीरों, यात्रियों, मरीजों तथा आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

ग्रामीणों एवं राहगीरों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़क पहले से वन-वे है और भारी वाहनों की आवाजाही बनी हुई है, तब ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए थी। लेकिन प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण लोगों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से ओवरलोडेड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच तथा सड़क निर्माण कार्य के दौरान बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट