बकरीद को लेकर विश्व हिंदू परिषद की प्रेस वार्ता, प्रशासन के खिलाफ फूटा आक्रोश


संवाददाता पारस नाथ दुबे


डेहरी रोहतास।विश्व हिंदू परिषद द्वारा बकरीद पर्व को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में जिले में हो रही कथित गौकशी की घटनाओं एवं प्रशासनिक निष्क्रियता पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में खुलेआम गौकशी का कार्य चल रहा है, परंतु प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री यश उपाध्याय ने कहा कि गौवंश सनातन आस्था एवं भारतीय संस्कृति का प्रमुख आधार है, किंतु प्रशासन की उदासीनता के कारण गौ तस्करी एवं गौकशी करने वालों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

बजरंग दल के जिला संयोजक चंदन गुप्ता ने कहा कि बकरीद के अवसर पर कानून व्यवस्था एवं गौ संरक्षण को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की भावनाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

गौरक्षा प्रमुख रणधीर जी ने जिले में सक्रिय गौ तस्करी गिरोहों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखनी चाहिए तथा अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगानी चाहिए।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सुरक्षा प्रमुख दीपक दास मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक चेतना का विषय है, जिस पर सभी को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट