रोहतास में होगा भव्य “कन्या विवाह महायज्ञ 2026”, दहेज मुक्त समाज निर्माण का संदेश


रोहतास।समाज में दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को समाप्त करने एवं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को मजबूती देने के उद्देश्य से आगामी 31 मई 2026, रविवार को रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड स्थित सूर्य मंदिर परिसर, उच्च माध्यमिक विद्यालय पडरी के समीप भव्य “कन्या विवाह महायज्ञ 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम संध्या 07:00 बजे से प्रारंभ होगा।


इस सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन का संचालन रामा स्वामी पेरियार मानव कल्याण ट्रस्ट द्वारा ग्रामीणों के सहयोग, चंदा एवं समाजसेवियों के समर्थन से किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देना तथा समाज में कन्याओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है।

आयोजकों के अनुसार, यह पहल केवल विवाह आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे रोहतास जिले को दहेज मुक्त समाज निर्माण की दिशा में एक नई पहचान दिलाने का प्रयास है। उनका कहना है कि जब भी दहेज मुक्त कन्यादान की बात हो, तब रोहतास जिले का नाम सम्मानपूर्वक याद किया जाए।

कार्यक्रम में जिले एवं प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं हजारों ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट