मोहनिया चेकपोस्ट पर आधी रात एंबुलेंस चालक को पीटा, उत्पाद विभाग पर गुंडागर्दी का आरोप
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 24, 2026
- 64 views
बिना नंबर की स्कॉर्पियो से आए कर्मियों ने शराब जांच के नाम पर की मारपीट, SDPO मौके पर पहुंचे
सहायक संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
मोहनियां/कैमूर:-- शराबबंदी की आड़ में उत्पाद विभाग की दबंगई फिर सामने आई है। मोहनिया समेकित जांच चौकी पर शनिवार-रविवार की रात NH-19 पर बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो से आए उत्पाद कर्मियों ने एक एंबुलेंस चालक को बेरहमी से पीट दिया। वाराणसी से मरीज छोड़कर लौट रही एंबुलेंस को रोककर मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है। पीड़ित चालक के मुताबिक वह वाराणसी से मरीज छोड़कर लौट रहा था। रात करीब 1 बजे मोहनिया चेकपोस्ट पर बिना नंबर की स्कॉर्पियो से आए उत्पाद विभाग के कर्मियों ने एंबुलेंस रुकवाई। शराब जांच के नाम पर तलाशी ली गई। चालक ने एंबुलेंस में शराब न होने की बात कही तो गाली-गलौज कर पिटाई शुरू कर दी।
SDPO-मोहनिया पुलिस पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस और SDPO मौके पर पहुंचे। चालक को चोटें आई हैं। घटना के बाद चेकपोस्ट पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
थाने में दी तहरीर, CCTV से होगी जांच
दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि एंबुलेंस चालक ने उत्पाद विभाग के कर्मियों के खिलाफ मारपीट का आवेदन दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद विधि सम्मत कार्रवाई होगी। यह पहला मामला नहीं है। शराबबंदी के नाम पर वाहन चालकों से मारपीट और वसूली के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। लेकिन एंबुलेंस जैसी आपात सेवा को रोककर चालक को पीटना गंभीर मामला है। मोटर व्हीकल एक्ट में भी एंबुलेंस को रास्ता देना अनिवार्य है।


रिपोर्टर