किसान रजिस्ट्री से किसानों को अनेक लाभ-डीएम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 15, 2026
- 4 views
रोहतास।जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी किसानों से अपील की गयी है कि वे शीघ्र अपना किसान रजिस्ट्री पंजीकरण करा लें,ताकि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से प्राप्त किया जा सके। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा है कि किसान रजिस्ट्री व्यवस्था किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को उर्वरक खरीद,फसल अधिप्राप्ति, फसल बीमा, कृषि ऋण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलेगा।
उन्होंने बताया कि किसान रजिस्ट्री होने से किसानों को उर्वरक खरीद प्रक्रिया में काफी सुविधा होगी। किसान मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन खाद बुकिंग कर सकेंगे तथा क्यूआर कोड आधारित प्रणाली के जरिए अधिकृत दुकानों से आसानी से उर्वरक प्राप्त कर पायेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि पंजीकृत किसानों को पीएम-किसान सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे एवं शीघ्रता से प्राप्त होगा। सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि और योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुँचाने में किसान रजिस्ट्री महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। उन्होंने बताया कि धान, गेहूँ एवं अन्य फसलों की अधिप्राप्ति प्रक्रिया में भी किसान रजिस्ट्री अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। पैक्स के माध्यम से फसल खरीद प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बनेगी तथा पंजीकृत किसानों को भुगतान भी तेजी से प्राप्त होगा। डीएम ने कहा कि प्राकृतिक आपदा,बाढ़, सुखाड़ अथवा अन्य आपात स्थितियों में सही किसानों की पहचान कर शीघ्र सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने में किसान रजिस्ट्री सहायक होगी। इससे राहत वितरण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसान रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को बैंक एवं सहकारी समितियों से केसीसी तथा अन्य कृषि ऋण प्राप्त करने में आसानी होगी। किसानों की पहचान और दस्तावेजी प्रक्रिया सरल होने से ऋण स्वीकृति में भी तेजी आयेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि किसान रजिस्ट्री व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी तथा फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगेगी। सरकारी सहायता वास्तविक किसानों तक पहुँचेगी और भ्रष्टाचार में भी कमी आयेगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंडों में किसान रजिस्ट्री अभियान चलाया जा रहा है। किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने नजदीकी कृषि कार्यालय,पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा संबंधित विभागीय कार्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र पंजीकरण करायें और किसान रजिस्ट्री का लाभ उठायें।


रिपोर्टर