डेहरी ऑन सोन स्टेशन पार्किंग में ओवरचार्जिंग का खुलासा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 02, 2026
- 47 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी ऑन सोन। रेलवे स्टेशन स्थित पार्किंग स्टैंड में निर्धारित दर से अधिक वसूली का मामला एक बार फिर सामने आया है। सूचना का अधिकार (RTI) से प्राप्त दस्तावेजों और मौके पर दी जा रही रसीदों के मिलान से यह स्पष्ट हुआ है कि यात्रियों से तय शुल्क से ज्यादा राशि ली जा रही है।
यह खुलासा आरटीआई कार्यकर्ता रविकेश उपाध्याय की पहल पर हुआ। उनके द्वारा मांगी गई जानकारी के जवाब में रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पार्किंग की आधिकारिक दर सूची उपलब्ध कराई, जिसमें दोपहिया वाहनों के लिए 24 घंटे का शुल्क ₹25 निर्धारित है।
इसके विपरीत, स्टेशन परिसर में पार्किंग का संचालन कर रही ‘बासुदेव इंटरप्राइजेज’ द्वारा जारी रसीदों में एक दिन का शुल्क ₹30 लिया जा रहा है। रसीद पर स्पष्ट रूप से “1 DAY – ₹30” अंकित है, जो निर्धारित दर से ₹5 अधिक है। इस तरह प्रत्येक वाहन से अतिरिक्त वसूली की जा रही है।
पहले भी उठ चुका है मामला
करीब एक वर्ष पूर्व भी स्टेशन पार्किंग में अधिक वसूली की शिकायतें सामने आई थीं और यह मुद्दा स्थानीय अखबारों में भी प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था। बावजूद इसके अब तक स्थिति में सुधार नहीं होना प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है।
रेट चार्ट नहीं, नियमों की अनदेखी
रेलवे के नियमों के अनुसार पार्किंग स्थल पर शुल्क दर (रेट चार्ट) और समयावधि का स्पष्ट प्रदर्शन अनिवार्य है, ताकि यात्रियों को सही जानकारी मिल सके। लेकिन मौके पर रेट चार्ट का अभाव देखा गया, जिससे मनमानी वसूली को बढ़ावा मिल रहा है।
हर दिन लाखों की अतिरिक्त वसूली संभव
जानकारों का मानना है कि यदि प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया वाहनों से ₹5 अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं, तो यह राशि महीने भर में लाखों तक पहुंच सकती है। ऐसे में यह मामला छोटी गड़बड़ी नहीं, बल्कि बड़े स्तर की आर्थिक अनियमितता का संकेत देता है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में जब डेहरी ऑन सोन के सीटीआई से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
जवाबदेही तय करने की मांग
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई, अतिरिक्त वसूली की जांच और भविष्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही पार्किंग स्थल पर तत्काल रेट चार्ट लगाने और नियमों के सख्ती से पालन की भी मांग उठाई गई है।
हाइलाइट
तय शुल्क (24 घंटे): ₹25
वसूला जा रहा: ₹30
प्रति वाहन ₹5 की अतिरिक्त वसूली जारी है।जिस पर कार्रवाई होनी चाहिए।


रिपोर्टर