सम्मान समारोह में शिक्षा संग संस्कृति की बात, “झाड़ मुड़ी” बनी राजनीतिक चर्चा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 26, 2026
- 14 views
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी व डॉ. संतोष सुमन की मौजूदगी, प्रतिभाशाली छात्रों को किया गया सम्मानित
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी-- हरिदास सेमेनरी के प्रेक्षा गृह सभाकक्ष में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समान अवसर जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री भारत सरकार सह गया सांसद जीतन राम मांझी ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन, अतरी विधायक रोमित कुमार, बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी, इमामगंज विधायक दीपा मांझी, पूर्व विधायक अनिल कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी ने अपने गीत “मांझी का नाम हम ऊंचा करेंगे, बदलेंगे जमाना, मां-बहनों को पढ़ना सिखाएंगे” से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। उनके गीत पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कुमार सुमन ने अपने संबोधन में “झाड़ मुड़ी” का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल के इस पारंपरिक व्यंजन का जिक्र किए जाने के बाद यह राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया है। उन्होंने कहा कि लोग अब इसे इंटरनेट पर बड़े पैमाने पर सर्च कर रहे हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। उन्होंने इसे देश की समृद्ध स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक खानपान की पहचान बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को नई पहचान मिलती है। उनके अनुसार “झाड़ मुड़ी” सिर्फ एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि स्थानीय जीवनशैली और परंपरा का प्रतीक है, जिसे अब राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिल रहा है।
वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में सभी वर्गों के बच्चों को पढ़ना चाहिए, ताकि समान शिक्षा व्यवस्था लागू हो सके। उन्होंने स्वच्छता पर बल देते हुए लोगों से अपील की कि कम खर्च करें, लेकिन साफ-सुथरे कपड़े पहनें और स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मोबाइल, बैग सहित अन्य उपयोगी सामग्री देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा कार्यक्रम प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।


रिपोर्टर