भिवंडी में दो अपहरण और एक दुष्कर्म का मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की सख्त कार्रवाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 16, 2026
- 149 views
भिवंडी। ठाणे जिले के भिवंडी शहर में कानून-व्यवस्था से जुड़े तीन गंभीर मामले सामने आए हैं, जिनमें दो अपहरण और एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला मामला नारपोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण की शिकायत दर्ज की गई है। घटना 14 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे मानकोली क्षेत्र में हुई। शिकायत के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच जारी है।
दूसरा मामला भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है, जिसमें 16 वर्षीय बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया। बच्ची को उसके घर के पास से बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी शाहनवाज शेख (22) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में भी अपहरण की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
तीसरा और सबसे गंभीर मामला शांतिनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है, जहां एक 23 वर्षीय युवक पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। आरोपी ने बच्ची को स्कूल छोड़ने के बहाने अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(1) के साथ ही पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 4, 6,8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सुत्रो के अनुसार, तीनों मामलों में जांच तेजी से जारी है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर