थ्रेसर हादसे के पीड़ित परिवार को डीएम का भरोसा, एसडीएम ने गांव पहुंचकर लिया जायजा

बरसठी, जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के भदराव गांव में 9 अप्रैल को हुए दर्दनाक थ्रेसर हादसे में 28 वर्षीय मुलायम बनवासी की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी ने मृतक की पत्नी पूजा वनवासी को आर्थिक सहायता, भूमि आवंटन, विधवा पेंशन सहित सभी सरकारी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बताया जाता है कि सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना द्वारा 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया था। इसके बावजूद कार्रवाई न होने पर 16 अप्रैल की सुबह करीब 10:45 बजे जज सिंह अन्ना के नेतृत्व में बनवासी परिवार जिलाधिकारी की गाड़ी के सामने धरने पर बैठ गया। करीब 10 मिनट तक चले इस विरोध के दौरान परिवार के आक्रोश को देखते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत हस्तक्षेप किया और जज सिंह अन्ना व पीड़ित परिवार को वार्ता के लिए बुलाकर उनकी सभी मांगों को स्वीकार कर लिया।

जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए लेखपाल, सेक्रेटरी समेत संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में दोपहर करीब 2:30 बजे एसडीएम मड़ियाहूं भदराव गांव पहुंचे और मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ लेखपाल, ग्राम प्रधान, सेक्रेटरी व जज सिंह अन्ना भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर हालात का जायजा लिया और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया तेज करने का आश्वासन दिया। मौके पर पूजा वनवासी, करियां वनवासी, छोटेलाल वनवासी, हीरावती, आयुष वनवासी, राजेन्द्र प्रजापति, माधुरी वनवासी और सुनीता वनवासी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। गौरतलब है कि 9 अप्रैल को भदराव गांव में थ्रेसर मशीन में फंसने से मुलायम बनवासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसके बाद से परिवार गहरे आर्थिक संकट में जीवन यापन कर रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट