आयर कोठा में बालू लदा ट्रेलर पलटा



संवाददाता पारस नाथ दुबे।   


डेहरी रोहतास।आयर कोठा थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार सुबह एक बालू लदा वाहन (ट्रेलर) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिसमें चालक घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना आयर कोठा-नासरीगंज मुख्य मार्ग पर पडुहार गांव के समीप सुबह करीब 9 बजे हुई। बताया जाता है कि चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान वाहन की चपेट में आने से सड़क किनारे स्थित दो यूकेलिप्टस के पेड़ भी उखड़ गए।

दुर्घटना में घायल चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरी गांव निवासी सुरेंद्र गौड़ के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम एवं आयर कोठा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

ग्रामीणों एवं पुलिस टीम, जिसमें एसआई उज्जवल कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे, के संयुक्त प्रयास से कई घंटों की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला गया।

थाना प्रभारी शिवम कुमार ने बताया कि घायल चालक को प्राथमिक उपचार हेतु अकोदी गोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार चालक को मामूली चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर है।

बताया गया है कि उक्त वाहन (नंबर BR06G G5026) पर बालू लादकर रोहतास से गोरखपुर की ओर जा रहा था। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा वरीय अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट