सनदिया में मेधावी छात्रों का सम्मान


अनिल कुमार सिंह 


ब्यूरो चीफ भोजपुर। जिला के बडहरा प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत सनदिया में नव जागरण संघ द्वारा मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट (वर्ष 2024 एवं 2025) में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के सम्मान में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. डॉ. रणबिजय कुमार, पद्मश्री भीम सिंह भवेश एवं डॉ. नवाज आलम ने संयुक्त रूप से किया। मंच संचालन संघ के अध्यक्ष सह मुखिया हरेंद्र प्रसाद यादव (अध्यक्ष, मुखिया संघ भोजपुर) ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पटना से आए काउंसलर अखिलेश कुमार सुमन ने कहा कि छात्रों को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के साथ स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए, तभी सफलता प्राप्त होती है। प्रो. डॉ. रणबिजय कुमार ने कहा कि सनदिया के बच्चे ऊर्जावान हैं, उन्हें केवल परिश्रम की आवश्यकता है। डॉ. नवाज आलम ने मेहनत के साथ सामाजिक ज्ञान को भी जरूरी बताया। वहीं अशरफ आलम ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद लगनशील छात्र सफलता जरूर हासिल करते हैं।

पद्मश्री भीम सिंह भवेश ने सामाजिक कार्य को कठिन बताते हुए मुखिया हरेंद्र प्रसाद यादव के 23 वर्षों से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और समाज से ऐसे लोगों को सहयोग देने की अपील की। संत जेवियर्स स्कूल, धोबहा के निदेशक ने नव जागरण संघ का आजीवन सदस्य बनने की घोषणा की।

इस अवसर पर प्रो. डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, प्रो. सुनील सहाय, धर्मेंद्र उपाध्याय, गायक छोटू छलिया, डॉ. आदित्य विजय जैन, पूर्व डीएसपी मसलेहुद्दीन, अर्चना सिंह, मिथिलेश कुमार राय, डॉ. अभिषेक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मेधावी छात्र हुए सम्मानित

समारोह में वर्ष 2024 मैट्रिक में मिन्हाज अहमद (पिता- मुख्तार), 2024 इंटर में विक्की कुमार (पिता- रवि कुमार राय), 2025 मैट्रिक में गोलू कुमार (पिता- धनलाल यादव) तथा 2025 इंटर में नदीम खान (पिता- नसीमुद्दीन) को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट