थ्रेसर में फंसकर मजदूर की दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम

बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के चक मलाई गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गेहूं की दवाई के दौरान एक मजदूर की थ्रेसर मशीन में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि गेहूं की दवाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गेहूं का बोझ थ्रेसर में लगाने के लिए काम कर रहा मजदूर अचानक मशीन के मुंह में चला गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान मुलायम वनवासी के रूप में हुई है, जो भदरांव गांव में अपने ससुराल में रहकर मजदूरी करता था। वह मूल रूप से बनकट मोढ़ का निवासी था और शादी के बाद अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी करीब दो माह की गर्भवती है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से थ्रेसर मशीन को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की जुबान पर इस दर्दनाक हादसे की चर्चा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट